मेकॉन लिमिटेड को मिला मिनीरत्न श्रेणी-1 का दर्जा, संचालन और वित्तीय फैसलों में बढ़ेगी स्वायत्तता
भारत सरकार ने उत्कृष्ट वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर दिया सम्मान, सीएमडी संजय कुमार वर्मा बोले- पूरे मेकॉन परिवार के लिए गर्व का क्षण

रांची। इस्पात मंत्रालय के अधीन कार्यरत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मेकॉन लिमिटेड को भारत सरकार ने प्रतिष्ठित मिनीरत्न श्रेणी-1 का दर्जा प्रदान किया है। कंपनी ने निर्धारित वित्तीय एवं प्रदर्शन संबंधी मानदंडों को पूरा करने के बाद यह उपलब्धि हासिल की है। मेकॉन की ओर से सीमतिंनी साहु ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी।
मेकॉन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे मेकॉन परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण तथा हितधारकों के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उनके अनुसार, यह उपलब्धि कंपनी को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा देश के औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास में अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने बताया कि मिनीरत्न श्रेणी-1 का दर्जा मिलने से मेकॉन को संचालन और वित्तीय मामलों में अधिक स्वायत्तता प्राप्त होगी। इससे कंपनी बड़े व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने, रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने और त्वरित निर्णय लेने में अधिक सक्षम होगी। साथ ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी उपस्थिति का और विस्तार होगा।
सीमतिंनी साहु ने विज्ञप्ति में बताया कि मिनीरत्न श्रेणी-1 का दर्जा कंपनी की निरंतर लाभप्रदता, मजबूत वित्तीय प्रदर्शन तथा इस्पात, ऊर्जा, आधारभूत संरचना, खनन, तेल एवं गैस जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में उसके महत्वपूर्ण योगदान की मान्यता है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर मेकॉन ने इस्पात मंत्रालय, अपने ग्राहकों, व्यावसायिक सहयोगियों और सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।