सालमपाथर रक्तदान शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह, दो आदिवासी महिलाओं ने पहली बार किया रक्तदान
झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने की पहल की सराहना, प्रो. केपी सोरेन ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत सालमपाथर नव प्राथमिक विद्यालय में आदिम जुवान जुमीद गावंता गम्हरिया की ओर से चौथे रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। नई जिंदगी परिवार और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसे पूरा कर लिया गया। शिविर की खास बात यह रही कि आदिवासी समाज की दो महिलाओं ने पहली बार रक्तदान कर अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक पहल की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीज के उपचार में मददगार बन सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य पूरा होने पर आयोजकों और रक्तदाताओं को बधाई दी। सम्मानित अतिथि एवं सांसद प्रतिनिधि प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की दो महिलाओं का पहली बार रक्तदान करना सराहनीय पहल है जो अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित कर सकता है। शिविर में झामुमो गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी, समाजसेवी अविनाश सोरेन, प्रधानमंत्री कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित सोखेन हेम्ब्रम, झारखंड छात्र मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष होपना बेसरा, मुख्य संरक्षक सीताराम हेम्ब्रम, सह संरक्षक सुधीर किस्क और बुरुडीह की मुखिया संगीता कुमारी, गौरीशंकर टुडू, शंकर टुडू, विरधान बास्के सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने शिविर की सफलता पर सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार जताया।