ताज़ा-ख़बर

30 वर्षों की प्रतीक्षा खत्म, ओड़िया पंचायत को मिला नया पंचायत सचिवालय भवन, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किया निरीक्षण

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

23 सोलर जलमीनार से घर-घर पहुंचा शुद्ध पेयजल, सपादा गांव की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा

30 वर्षों की प्रतीक्षा खत्म, ओड़िया पंचायत को मिला नया पंचायत सचिवालय भवन, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किया निरीक्षण

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुकड़ू प्रखंड के ग्राम पंचायत ओड़िया एवं तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव का क्षेत्र भ्रमण कर विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नव निर्मित पंचायत सचिवालय भवन, सोलर जलमीनार योजना तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायत ओड़िया की लगभग 30 वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए वर्ष 2025 में जिला परिषद द्वारा स्वीकृत पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भवन के अभाव में मुखिया एवं पंचायत कर्मियों को सरकारी अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नए भवन के निर्माण से पंचायत कार्यालय की सभी प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित रूप से हो सकेगा। उपाध्यक्ष ने गांव में पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला के सहयोग से धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना के तहत 23 डीप बोरिंग सह सोलर पैनल युक्त जलमीनार स्थापित किए गए हैं। इन योजनाओं के माध्यम से अब गांव के घर-घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। इसके बाद मधुश्री महतो ने तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से आवागमन पथ एवं अन्य मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पत्राचार कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जानकारी दी गई कि सपादा गांव में जिला परिषद की स्वीकृति से नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए नींव की खुदाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुकड़ू प्रखंड के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, गोदाम भवन, आधुनिक बस स्टैंड, पंचायत भवन, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग, नाली, पीसीसी सड़क, तालाब जीर्णोद्धार सहित अनेक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान, गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.