ताज़ा-ख़बर

ईचागढ़ में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त जांच अभियान में तीन वाहन जब्त

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

बालू-पत्थर के अवैध परिवहन पर प्रशासन सख्त, बिना चालान और ओवरलोड वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई

ईचागढ़ में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त जांच अभियान में तीन वाहन जब्त

इंचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम इलाके में जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग, अंचल कार्यालय तथा ईचागढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बालू एवं पत्थर के अवैध परिवहन के विरुद्ध सघन वाहन जांच की। अभियान के दौरान खनिज लदे सभी वाहनों के परिवहन चालान एवं उनमें लदे खनिज की मात्रा का बारीकी से सत्यापन किया गया। जांच के क्रम में पातकुम चौक के समीप पत्थर से लदा हाइवा वाहन संख्या JH05CF-0396 परिवहन चालान में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज लेकर चलते पाया गया। इसके अलावा बालू से लदे दो ट्रैक्टर बिना किसी वैध परिवहन चालान के खनिज का परिवहन करते हुए पकड़े गए। खनन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ ईचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया। जिला खनन विभाग ने बताया कि संबंधित मामलों में खनन अधिनियम एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, अवैध भंडारण एवं बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध खनन से जुड़े किसी भी व्यक्ति अथवा वाहन को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप देखा जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.