कोल्हान राजद कार्यालय में कर्पूरी ठाकुर की मनाई गई 39वीं पुण्यतिथि
नेताओं ने कहा- सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रतीक थे जननायक कर्पूरी ठाकुर

आदित्यपुर : कोल्हान राजद कार्यालय में सोमवार को राजद सरायकेला की ओर से भारत रत्न एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार उपस्थित रहे जबकि झारखंड राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव और राजद सचिव राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। जनार्दन कुमार ने कहा कि कर्पूरी बाबू पिछड़ों और वंचितों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने जीवन भर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी और सादगीपूर्ण जीवन जीकर राजनीति में आदर्श स्थापित किया। राजद उपाध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जीवन सामाजिक न्याय की संपूर्ण गाथा है। उनसे यह सीख मिलती है कि एक सच्चा जनप्रतिनिधि कैसे समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करता है। कार्यक्रम में प्रकाश कुमार, जुगेश्वर पासवान, दीपक कुमार, सुमन मांझी, अरविंद यादव, मुन्ना जी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार ने किया।