बोर्ड परीक्षा को लेकर यातायात व्यवस्था कड़ी, एसएसपी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई।

रांची: वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशानुसार वर्तमान में संचालित बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा रांची नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई। परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
परीक्षा को देखते हुए रांची नगर क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी सुबह 9:00 बजे के बजाय 8:00 बजे से ही लागू कर दी गई है, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने केंद्र तक पहुंच सकें। ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को यातायात सुचारू रखने, जाम की स्थिति पर त्वरित कार्रवाई करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को समय से स्कूल या परीक्षा केंद्र पर छोड़ें तथा अपनी गाड़ियां केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ी करें, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक), संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।