ताज़ा-ख़बर

चाकुलिया के मटियाबांधी पंचायत में 4281 फर्जी जन्मप्रमाण पत्र की पुष्टि, पंचायत सचिव सहित 5 गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk10 दिन पहलेदेश

जनवरी 2023 से अब तक 4567 जन्म प्रमाण पत्रों में से 4281 प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं।

चाकुलिया के मटियाबांधी पंचायत में 4281 फर्जी जन्मप्रमाण पत्र की पुष्टि, पंचायत सचिव सहित 5 गिरफ्तार

जमशेदपुर : मटियाबांधी पंचायत में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है जहाँ जनवरी 2023 से अब तक 4567 जन्म प्रमाण पत्रों में से 4281 प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने पंचायत सचिव सुनील महतो, प्रज्ञा केंद्र संचालक सपन महतो समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस फर्जीवाड़े की शिकायतें लगातार मिल रही थीं जिसके आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आरती मुंडा ने चाकुलिया थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में यह सामने आया कि पंचायत सचिव और प्रज्ञा केंद्र संचालक की मिलीभगत से अवैध तरीके से बाहरी लोगों को जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। पूछताछ में दोनों मुख्य आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके निशानदेही पर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) भी गठित कर दी गई है। उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया कि पंचायत सचिव ने अपना लॉगिन आईडी और पासवर्ड प्रज्ञा केंद्र संचालकों को सौंप दिया था जिसके जरिए फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए जाते थे। इन प्रमाणपत्रों के बदले आरोपियों द्वारा लोगों से अवैध शुल्क भी वसूला जाता था। जांच के दौरान लैपटॉप, दस्तावेज एवं अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किए गए हैं। इस पूरे घोटाले को लेकर कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने पहले भी आवाज उठाई थी जो अब सच साबित हुई है। जिला प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि जांच अभी भी जारी है और अन्य अधिकारियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

इन्हें भी पढ़ें.