ताज़ा-ख़बर

महिला दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 5 किमी दौड़, कस्तूरबा विद्यालय की रिया कुमारी रही प्रथम

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

ऑटो क्लस्टर में बालिकाओं ने दिखाई दमखम, तनुश्री बोस बोलीं: खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास

महिला दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 5 किमी दौड़, कस्तूरबा विद्यालय की रिया कुमारी रही प्रथम

आदित्यपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत बालिकाओं के लिए 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से हमारी लाडो फाउंडेशन और क्रॉस लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। दौड़ प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राजनगर, चांडिल, कुकड़ू, गम्हरिया और सरायकेला की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा रिया कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया जबकि देवोलिना ने भी शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागी छात्राओं ने कम समय में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अपनी क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रिया कुमारी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्हें काफी खुशी हुई और आगे भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली। वहीं प्रतिभागी देवोलिना ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस ने कहा कि खेल और फिटनेस से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। वहीं क्रॉस लिमिटेड कंपनी के जीएम एचआर रमाकांत गिरी ने कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का उद्देश्य युवाओं और विशेषकर बालिकाओं को स्वास्थ्य और खेल के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।

इन्हें भी पढ़ें.