डायन-बिसाही के शक में 65 वर्षीय महिला की हत्या, सड़क किनारे मिला शव, 3 हिरासत में
उन्होंने गांव के ही तीन युवकों बालेश्वर रौतिया, लालमोहन रौतिया और धर्मराज रौतिया पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है।

चैनपुर-: चैनपुर थाना क्षेत्र के भटोली गांव में सोमवार की सुबह सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला का शव पड़ा दिखा। मृतका की पहचान भटोली निवासी शांति देवी (पति बंधु रौतिया) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के दामाद सुरेश रौतिया, पुत्र कमलेश भगत और पुत्रवधू बिंदिया कुमारी ने अंदेशा लगाया है कि डायन-बिसाही के शक में शांति देवी की हत्या की गई है। उन्होंने गांव के ही तीन युवकों बालेश्वर रौतिया, लालमोहन रौतिया और धर्मराज रौतिया पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है। वहीं परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ करते हुए जांच में जुट गई है।