टंडवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NCC के हाईवा में आगजनी करने वाला JJMP उग्रवादी गिरफ्तार
एनसीसी कंपनी के वोल्वो हाईवा में आग लगाने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और परियोजना क्षेत्र में दहशत फैलाने का आरोप है।

कामेश्वर गुप्ता टंडवा (चतरा) टंडवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टंडवा थाना पुलिस ने आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र में उत्खनन और ट्रेसपोटिंग की कार्य कर रही एनसीसी कंपनी से लेवी के लिए धमकी देने और एनसीसी कंपनी के वाहन में आगजनी करने के मामले में जेजेएमपी संगठन के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र सिंह उर्फ रविन्द्र सिंह खरवार, उम्र 28 वर्ष पिता लखन सिंह खरवार, ग्राम पहाड़ गीर, पो०- मक्का, थाना जोबांग, जिला - लोहरदगा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर लेवी की मांग को लेकर एनसीसी कंपनी के वोल्वो हाईवा में आग लगाने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और परियोजना क्षेत्र में दहशत फैलाने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर टंडवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे घर से दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी जेजेएमपी संगठन से जुड़कर कोल परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों से लेवी वसूलने का काम करता था। पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। टंडवा पुलिस की इस कार्रवाई को आम्रपाली परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। टंडवा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि उग्रवाद और लेवी वसूली के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।