बिजली की समस्या को लेकर, विधायक रोशन लाल चौधरी और प्रदीप प्रसाद ने जीएम से की मुलाकात
विधायक रोशन लाल चौधरी एवं प्रदीप प्रसाद ने संयुक्त रूप से कहा कि "जनता को बिजली संकट से राहत दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है।

अजय कुमार बड़कागांव - बड़कागांव और हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्रों में पिछले कई महीने से चरमराई बिजली व्यवस्था, लगातार कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर जन-आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की लचर स्थिति से आम जनता, किसानों और व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी और हजारीबाग सदर के विधायक प्रदीप प्रसाद ने संयुक्त रूप से बिजली विभाग के हजारीबाग जीएम दिनेश कुमार सिंह से मुलाकात की। विधायकों ने जनता को मिल रहे 'बिजली विभाग की नाकामी और उससे उत्पन्न हो रही दिक्कतों को पुरजोर तरीके से अधिकारियों के समक्ष रखा।
जनता की समस्याओं से कराया अवगत
मुलाकात के दौरान दोनों विधायकों ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र के कई इलाकों में वोल्टेज इतना कम रहता है कि बिजली के उपकरण तक काम नहीं कर पा रहे हैं। लगातार हो रही लोड शेडिंग और अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कृषि कार्य से लेकर बच्चों की पढ़ाई पर, इसका बुरा असर पड़ रहा है।
जल्द सुधार का मिला आश्वासन विधायक रौशन लाल चौधरी और प्रदीप प्रसाद ने अधिकारियों को चेतावनी देते कहा कि बिजली व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए, और हमारे जनता को 20 घंटे बिजली दें अन्यथा जनता के हित में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस पर बिजली विभाग के आला अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि तकनीकी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और लाइनों को दुरुस्त करने का काम तुरंत शुरू होगा। क्षेत्र में बिजली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
विधायकों का संदेश विधायक रोशन लाल चौधरी एवं प्रदीप प्रसाद ने संयुक्त रूप से कहा कि "जनता को बिजली संकट से राहत दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। अगर विभाग ने अपने वादे के मुताबिक जल्द से जल्द सुधार नहीं किया, तो हम चुप नहीं बैठेंगे और जनता के हक के लिए सड़क पर उतरेंगे।"