सीनी ओपी में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी विनय कुमार हुए सम्मानित
बिरसा मुंडा स्टेडियम में डीसी-एसपी ने संयुक्त रूप से किया सम्मानित, कर्तव्यनिष्ठा की सराहना

सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी थाना परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह के दौरान सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज फहराया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने तिरंगे को सलामी दी तथा राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ओपी प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। आजादी की रक्षा और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने संयुक्त रूप से विनय कुमार को सम्मान प्रदान किया। जिला स्तरीय समारोह में सम्मान मिलने से सीनी ओपी के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों में भी उत्साह देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर थाना परिसर से लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम तक विनय कुमार की उपस्थिति और सम्मान चर्चा का विषय रहा।