ताज़ा-ख़बर

जादूगोड़ा की क्रिकेट प्रतिभा रेनिता हप्पड़गड़ा को कपिल देव ने किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

झारखंड महिला अंडर-15 टीम की पूर्व सदस्य रेनिता को मिला विश्व कप विजेता कप्तान का सम्मान

जादूगोड़ा की क्रिकेट प्रतिभा रेनिता हप्पड़गड़ा को कपिल देव ने किया सम्मानित, बढ़ाया हौसला

जादूगोड़ा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जादूगोड़ा की युवा क्रिकेट प्रतिभा रेनिता हप्पड़गड़ा के लिए रविवार का दिन यादगार बन गया। राखा क्रिकेट एसोसिएशन की खिलाड़ी एवं झारखंड महिला क्रिकेट की अंडर-15 टीम की सदस्य रह चुकीं रेनिता को आधुनिक पावर लिमिटेड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी और 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कपिल देव ने रेनिता की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार मेहनत करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। देश के महान क्रिकेटर के हाथों सम्मान प्राप्त कर रेनिता बेहद उत्साहित नजर आईं। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर झारखंड की अंडर-15 टीम तक का सफर तय करने वाली रेनिता ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके लिए कपिल देव जैसे दिग्गज क्रिकेटर से सम्मान प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि उनके क्रिकेट करियर के लिए भी प्रेरणादायी अवसर माना जा रहा है। रेनिता के सम्मान की खबर से राखा क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि रेनिता आने वाले समय में अपने बेहतर प्रदर्शन से झारखंड और जादूगोड़ा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी। खेलप्रेमियों का कहना है कि कपिल देव से मिला सम्मान और प्रोत्साहन रेनिता के लिए नई ऊर्जा का काम करेगा तथा उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगा।

इन्हें भी पढ़ें.