ताज़ा-ख़बर

लेनदेन विवाद में चली गोली, 12 वर्षीय बालक घायल, हालत खतरे से बाहर

रिपोर्ट: Prem Prakash58 दिन पहलेझारखण्ड

घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

लेनदेन विवाद में चली गोली, 12 वर्षीय बालक घायल, हालत खतरे से बाहर

मेदिनीनगर : पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के बभंडी गांव में आपसी लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब अचानक गोली चलने से एक 12 वर्षीय बालक घायल हो गया। घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना बुधवार शाम लगभग 6 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनपुरवा निवासी अरुण शर्मा और सिंकु दुबे के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी। इसी दौरान अरुण शर्मा ने सिंकु दुबे पर गोली चला दी। हालांकि निशाना चूक गया और गोली पास में खड़े 12 वर्षीय विवेक कुमार के पैर में जा लगी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को उठाकर एमएमसीएच पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।घायल की पहचान सोनपुरवा निवासी विवेक कुमार (12 वर्ष), पिता सरयू पासवान के रूप में हुई है।

इधर घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार अरुण शर्मा और सिंकु दुबे दोनों ही विवादित प्रवृत्ति के युवक हैं और पहले भी इस तरह के झगड़ों में शामिल रहे हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी का भी प्रयास किया जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.