पुराने पुल का टूटा स्लैब बना हादसे का कारण, राहगीरों की जान जोखिम में
वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने उठाई मरम्मत की मांग, पथ निर्माण विभाग से त्वरित कार्रवाई की अपील

आदित्यपुर : खरकई नदी पर बने आदित्यपुर को जमशेदपुर से जोड़ने वाले पुराने पुल के पैदल मार्ग का स्लैब महीनों से टूटा होने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह टहलने वाले लोग, बुजुर्ग, महिलाएं और दैनिक आवागमन करने वाले राहगीर इस रास्ते का नियमित उपयोग करते हैं लेकिन टूटा हुआ स्लैब अब दुर्घटना का बड़ा कारण बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। पुल का यह हिस्सा पथ निर्माण विभाग, सरायकेला-खरसावां के अंतर्गत आता है बावजूद इसके मरम्मत कार्य लंबित है। आदित्यपुर नगर निगम वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने इस गंभीर समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा का भी सवाल है। उन्होंने कहा कि हर दिन सैकड़ों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। नीतू शर्मा ने पथ निर्माण विभाग से अविलंब मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।