मां की हत्या में दत्तक बेटी निकली साजिशकर्ता, प्रेमी संग मिलकर रची थी खौफनाक साजिश
बाथरूम में गिरने की कहानी निकली झूठी, कब्र से शव निकलवाकर पुलिस ने खोला हत्याकांड का राज

रांची : पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दत्तक नाबालिग बेटी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतका नाहिद परवीन की हत्या को पहले बाथरूम में गिरने से हुई दुर्घटना बताया गया था लेकिन जांच में यह पूरी तरह साजिशन हत्या निकली। सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 अप्रैल को नाहिद परवीन की मौत की सूचना मिली थी। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था। शव पर चोट के निशान होने के बावजूद 26 अप्रैल को उन्हें दफना दिया गया। 27 अप्रैल को मृतका के परिजन मोहम्मद हलीम ने डोरंडा थाना में संदेह के आधार पर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 28 अप्रैल को प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। मेडिकल जांच में हत्या की पुष्टि हुई। जांच में पता चला कि नाहिद परवीन ने एक बच्ची को गोद लेकर उसका पालन-पोषण किया था। वही दत्तक बेटी अपने प्रेमी अरबाज खान से शादी करना चाहती थी और उस पर पैसे खर्च करती थी जिसका नाहिद परवीन विरोध करती थीं। 24 अप्रैल को इसी विवाद में नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज खान और उसके साथी समीर खान के साथ मिलकर तकिए से मुंह दबाकर नाहिद परवीन की हत्या कर दी। बाद में इसे हादसा दिखाने के लिए बाथरूम में गिरने की कहानी गढ़ी गई। पुलिस ने खून लगी बेडशीट और तकिया बरामद कर लिया है।