जमीन विवाद में पीएचईडी ठेकेदार को भतीजे ने मारी गोली, हालत गंभीर
मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे संजय तिवारी, पांकी रोड पर घात लगाकर बैठे आरोपी ने सीने में मारी गोली; 22 डिसमिल जमीन के विवाद को बताया जा रहा घटना का कारण।

मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में शनिवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा निवासी पीएचईडी ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू को उनके ही भतीजे प्रीतम तिवारी ने गोली मार दी। घटना पांकी रोड स्थित जीएलए कॉलेज के समीप उस समय हुई, जब संजय तिवारी मंदिर से पूजा कर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार गोली उनके सीने में लगी है। गंभीर रूप से घायल संजय तिवारी को तत्काल मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। एक्सरे रिपोर्ट में गोली शरीर में फंसी होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद है। पलामू की एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन संबंधी विवाद ही गोलीकांड का कारण सामने आया है।
घायल के पिता लव तिवारी ने बताया कि 22 डिसमिल जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। इस मामले में जगन्नाथ तिवारी और उनके पुत्र सतीश तिवारी द्वारा मुकदमा दायर किया गया है, जिसकी शनिवार को सुनवाई भी थी। आरोप है कि सतीश तिवारी के पुत्र प्रीतम तिवारी ने सुबह से कई बार फोन कर संजय तिवारी को बुलाने का प्रयास किया था।
परिजनों के मुताबिक, संजय तिवारी प्रत्येक शनिवार को काली मंदिर में पूजा करने जाते थे और इस बात की जानकारी आरोपी को थी। इसी का फायदा उठाते हुए वह पहले से घात लगाकर बैठा था और मौका मिलते ही गोली चला दी।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित एमएमसीएच पहुंच गए। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।