ताज़ा-ख़बर

राजहरा स्टेशन के पास कोयला लदी मालगाड़ी बेपटरी, कई डिब्बे पलटे

रिपोर्ट: Ashwini kumar Ghai1 दिन पहलेझारखण्ड

सोननगर-बरवाडीह रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा टला, जांच में जुटे रेलवे अधिकारी

राजहरा स्टेशन के पास कोयला लदी मालगाड़ी बेपटरी, कई डिब्बे पलटे

मेदिनीनगर, पलामू : पूर्व मध्य रेलवे के सोननगर-बरवाडीह रेलखंड पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा उस समय हो गया जब राजहरा रेलवे स्टेशन के निकट कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक बेपटरी हो गई। हादसे में मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए जिससे रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालगाड़ी टोरी स्टेशन से कोयला लोड कर मुगलसराय की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के कई वैगन पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और राहत एवं बचाव कार्य के लिए अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है जिससे राहत की बात सामने आई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। हादसे के कारण सोननगर-बरवाडीह रेलखंड पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.