ताज़ा-ख़बर

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कर राजद नेताओं ने खोला मोर्चा, बोले- कार्रवाई के बाद भी चल रहा प्रतिबंधित आरा मिल

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

वन भूमि और अवैध आरा मिल संचालन पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री से डीएफओ की जांच की मांग

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कर राजद नेताओं ने खोला मोर्चा, बोले- कार्रवाई के बाद भी चल रहा प्रतिबंधित आरा मिल

गम्हरिया : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव, जलवायु सह वन पर्यावरण रक्षा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार तथा झारखंड शॉ मिल एसोसिएशन के सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली और कथित अवैध आरा मिल संचालन को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए। मृत्युंजय कुमार द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कोल्हान क्षेत्र के एक डीएफओ की देखरेख में वन भूमि और लकड़ी माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। आवेदन में दावा किया गया है कि अनुमंडल प्रशासन और वन अधिकारियों की कार्रवाई के बाद भगत शॉ मिल को बंद कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद उक्त परिसर के पिछले हिस्से में कथित रूप से आरा मिल का संचालन जारी है। जलवायु सह वन पर्यावरण रक्षा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने कहा कि यह मामला केवल अवैध लकड़ी कारोबार का नहीं बल्कि वन संपदा और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि बंद घोषित किए गए प्रतिष्ठान में अब भी गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। राजद प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के नाम पर केवल अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है बल्कि वन संसाधनों की रक्षा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। नेताओं ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, आवेदन की प्रतिलिपि वन एवं पर्यावरण विभाग, प्रधान मुख्य वन संरक्षक तथा संबंधित उपायुक्तों को भी भेजी गई है। इस अवसर पर मुख्य रूप से गाजू साव, राजकुमार यादव, देवराज जंघेल, उत्तम कुमार, मुकेश झा, दुबराज, रमेश माझी, सरिता मांझी, नरसिंह टुडू, कैलाश टुडू, रामसाय सोरेन सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.