विश्व पर्यावरण दिवस पर जयप्रकाश उद्यान में 100 पौधों का रोपण, हरित आदित्यपुर का लिया गया संकल्प
पेड़ लगाना ही नहीं, उन्हें संरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी : महापौर संजय सरदार

आदित्यपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या-17 स्थित जयप्रकाश उद्यान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वार्ड पार्षद नीतू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इनमें जामुन, नीम, आंवला, पीपल, अमरूद, काजू, आम, ढाक सहित कई अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी का विषय है। पेड़ लगाना महत्वपूर्ण है लेकिन उससे भी अधिक जरूरी उनकी देखभाल और संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। वहीं नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने कहा कि नगर निगम शहर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा नागरिकों की सहभागिता से यह अभियान और प्रभावी बनेगा। कार्यक्रम में नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर तनुश्री घोष, अपर आयुक्त पारुल सिंह, उप महापौर अंकुर सिंह, विभिन्न वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।