सांप के डंसने से दुधारू गाय की मौत, किसान परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
60 हजार में खरीदी गई गाय बनी थी परिवार का सहारा, मुआवजे की उठी मांग

गोला : रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बरियातू पंचायत के ग्राम कमता टोला बरवा टांड़ में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई जहां सांप के काटने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार किसान शशि कुमार ने प्रतिदिन की तरह 20 मई की रात अपनी गाय को खाना-पानी देने के बाद गौशाला में बांध दिया था। गुरुवार सुबह जब वह गौशाला पहुंचे तो गाय मृत अवस्था में पड़ी मिली। गाय के मुंह से झाग निकल रहा था तथा उसके पैर में सांप के काटने का निशान दिखाई दिया। घटना देखते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पशुपालन विभाग को दी गई जिसके बाद विभागीय चिकित्सक मौके पर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टर ने प्रथम दृष्टया सांप के काटने से गाय की मौत होने की आशंका जताई। पशुपालक शशि कुमार ने बताया कि करीब छह माह पूर्व उन्होंने गोला के एक किसान से यह गाय लगभग 60 हजार रुपये में खरीदी थी। गाय से होने वाली दूध बिक्री ही परिवार की आय का मुख्य साधन थी। उन्होंने कहा कि गाय का एक छोटा बच्चा भी है जिसकी देखभाल अब बड़ी चुनौती बन गई है। इस घटना से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में बारिश और गर्मी के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं जिससे पशुओं और लोगों दोनों के लिए खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मौके पर पहुंचे गोला प्रखंड के उप प्रमुख विजय कुमार ओझा ने पीड़ित किसान को सांत्वना देते हुए सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब किसान पशुपालन के सहारे अपना जीवनयापन करते हैं और इस तरह की घटना उनके लिए भारी आर्थिक क्षति साबित होती है। सरकार को ऐसे मामलों में तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए। घटना स्थल पर बालकृष्ण दांगी, नीलकंठ महतो, विवेक कुमार, संगीता देवी, आशा देवी, रानी कुमारी, अनिल कुमार, रोहन महतो, मोहम्मद गुलजार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।