ताज़ा-ख़बर

बिसलेरी के पानी के नमूने में मिले संदिग्ध रासायनिक तत्व, FSSAI ने दी अभियोजन की मंजूरी

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेदेश

ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा और PAHs की मौजूदगी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

बिसलेरी के पानी के नमूने में मिले संदिग्ध रासायनिक तत्व, FSSAI ने दी अभियोजन की मंजूरी

नई दिल्ली : देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है। नियामक के अनुसार कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नमूने की जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। FSSAI के मुताबिक शुरुआती जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली। इसके बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया जहां पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी पाई गई। नियामक ने नमूने को असुरक्षित घोषित करते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी है। वहीं बिसलेरी ने 23 नवंबर को जारी अपने पक्ष में कहा कि मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित प्लांट में निर्मित एक बैच के नमूने से जुड़ा है। कंपनी का दावा है कि स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई थी। कंपनी ने अपने उत्पादों को सुरक्षित बताते हुए नियामक के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही है। गौरतलब है कि अभियोजन की मंजूरी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की अनुमति है, अदालत में दोष सिद्ध होने का अंतिम फैसला नहीं। यह मामला एक विशेष नमूने से संबंधित है इसलिए इसे कंपनी के सभी उत्पादों के असुरक्षित होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

इन्हें भी पढ़ें.