पारसनाथ से लौट रही जैन तीर्थयात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, दंपति की मौत, दर्जन भर यात्री घायल
मधुबन के कल्याण निकेतन के पास पेड़ से टकराकर पलटी बस, 10 से अधिक यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

गिरिडीह : पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे जैन तीर्थयात्रियों की बस रविवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इनमें दो यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई गई है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार जैन श्रद्धालुओं का काफिला 10 वाहनों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी के दर्शन के बाद जमशेदपुर लौट रहा था। इसी दौरान मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस दूसरी ओर पलट गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में जान गंवाने वाले दंपति की पहचान सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज (56) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मृतक दंपति के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद तीर्थयात्रियों और उनके परिजनों में शोक का माहौल है।