ताज़ा-ख़बर

पति-पत्नी विवाद में लगी आग, चार घर जलकर राख; महिला गंभीर रूप से झुलसी

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

पाकुड़ के छोटा कुटलो गांव में विवाद के बाद आग फैलने से लाखों की संपत्ति बर्बाद, आरोपी गिरफ्तार

पति-पत्नी विवाद में लगी आग, चार घर जलकर राख; महिला गंभीर रूप से झुलसी

By AJay Kumar लिट्टीपाड़ा(पाकुड़):-पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमलोंग ओपी के छोटा कुटलो गांव में गुरुवार को पति-पत्नी के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आपसी झगड़े के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिससे देखते ही देखते आग आसपास के तीन अन्य घरों तक फैल गई। इस घटना में चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा कुटलो गांव निवासी ढेणा मुर्मू (35 वर्ष) का अपनी पत्नी लुखीमुनि टुडू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने अपने टाली व लकड़ी से बने घर में आग लगा दी। तेज हवा और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से फैलकर पड़ोसी लखीराम मुर्मू, चुनूस मुर्मू तथा सोनोत मुर्मू के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।आग लगने से चारों परिवारों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। लखीराम मुर्मू के घर में बक्से में रखा नकद धन, जमीन-जायदाद के कागजात, धान, चावल, सरसों, अरहर तथा कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अनुमान है कि इस आगजनी में लगभग चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने हड़िया टेक्ची में पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसी दौरान घर से सामान निकालते समय छमी मुर्मू (50 वर्ष) की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही सिमलोंग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ढेणा मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की पूछताछ कर रही है।

वहीं, बीडीओ सह सीओ संजय कुमार के निर्देश पर जोरडीहा पंचायत के मुखिया जोसेफ मालतो ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। राहत के रूप में चारों परिवारों को दो क्विंटल चावल, दो बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों के लिए वस्त्र तथा अस्थायी आवास हेतु तिरपाल प्रदान किया गया। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और प्रभावित परिवार गहरे सदमे में हैं।

इन्हें भी पढ़ें.