जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन

बरवाडीह: बरवाडीह प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में नामांकित छात्राओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें अनुशासन व लगन के साथ पढ़ाई कर शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी।
वहीं पूर्व से अध्ययनरत छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।इसके बाद जिला परिषद सदस्य ने छात्राओं के साथ भोजन कक्ष में बैठकर मध्याह्न भोजन किया।उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं पोषण संबंधी पहलुओं की जानकारी छात्राओं से ली। छात्राओं ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।निरीक्षण के बाद संतोषी कुमारी ने कहा कि विद्यालय में छात्राओं के रहने, पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यहां उपलब्ध सुविधाओं का सत्यापन कभी भी औचक निरीक्षण के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिलती रहेंगी।इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन रूबी कुमारी, मुकेश भारती सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।