हिरणपुर में रामनवमी पर भव्य अखाड़ा जुलूस, कटप्पा टीम की झांकी ने मोहा मन
जुलूस मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई थी।

Ajay Kumar
हिरणपुर (पाकुड़): रामनवमी के पावन अवसर पर हिरणपुर में शनिवार को भव्य अखाड़ा जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बजरंगबली पूजा कमिटी के तत्वावधान में आयोजित यह जुलूस सरकारी मवेशी हाट परिसर स्थित पूजा मंडप से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हल्की बारिश के कारण जुलूस के प्रारंभ में थोड़ी विलंब अवश्य हुई, किंतु श्रद्धालुओं के जोश और आस्था में कोई कमी नहीं आई। भगवा वस्त्रों में सजे युवक हाथों में तलवार और महावीरी ध्वज लिए “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। महिलाओं की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही, जो पूरे उत्साह के साथ भक्ति भाव में लीन दिखाई दीं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आई कटप्पा टीम ने आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने भगवान श्रीराम-जानकी एवं शिव-पार्वती के रूप में सजीव अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत-संगीत के साथ प्रस्तुत इन झांकियों ने जुलूस की शोभा को और बढ़ा दिया। श्रद्धालु भी भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।
जुलूस में आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक भी देखने को मिली, जहां पारंपरिक नृत्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं बंगाल से आए ढाक-ढोल की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लाठी खेल की रोमांचक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
जुलूस सुभाष चौक से रानीपुर पेट्रोल पंप होते हुए नगर की परिक्रमा करता रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया तथा कुछ समय के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अजय आर्यन, एसडीपीओ डीएन आजाद, बीडीओ दिलीप टुडू, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई अमरजीत मिश्रा, जेना बालमुचू, गौतम कुमार सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुनील कुमार सिंह अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मुस्तैद दिखे।
जुलूस मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति के सदस्य भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रूप से जुटे रहे।
समग्र रूप से अखाड़ा जुलूस शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।