सावन के दूसरे सोमवार पर एग्रिको में सजेगा भक्ति का महाकुंभ, दीपक लख्खा और स्नेहा सिंह राजपूत बिखेरेंगे शिव भक्ति की रसधार
10वें विशाल भंडारे और 8 फीट बर्फ के शिवलिंग का होगा आकर्षण, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद

जमशेदपुर : सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की आराधना को समर्पित एक भव्य धार्मिक आयोजन का साक्षी इस बार भी जमशेदपुर बनेगा। श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भव्य भजन संध्या एवं 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। लगातार दसवें वर्ष आयोजित हो रहे इस धार्मिक महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संघ के सक्रिय सदस्य अरविन्द कुमार और पंकज कुमार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रम करना नहीं बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने शहर एवं आसपास के सभी शिवभक्तों से परिवार सहित इस आयोजन में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। आयोजन के तहत शाम 6:30 बजे से भव्य भजन संध्या का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा अपनी ओजस्वी एवं भावपूर्ण शिव भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ भोजपुर (बिहार) की सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत भी अपनी मधुर भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवमय वातावरण में सराबोर करेंगी। आयोजन समिति का कहना है कि दोनों कलाकारों की प्रस्तुति इस वर्ष की भजन संध्या को विशेष और यादगार बनाएगी। भजन संध्या के बाद रात 8 बजे से 10वें विशाल भंडारे का आयोजन होगा जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। समिति ने बताया कि भोजन वितरण, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा सहित सभी तैयारियां व्यवस्थित ढंग से की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस वर्ष आयोजन का एक विशेष आकर्षण 8 फीट ऊंचा बर्फ से निर्मित शिवलिंग होगा, जिसे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। यह शिवलिंग पूरे आयोजन स्थल को शिवमय वातावरण प्रदान करेगा और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं होगी। श्रद्धालु पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर कुर्सियों पर बैठकर भजन संध्या का आनंद ले सकेंगे। संघ के सदस्य अरविन्द कुमार ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र महीना है। इसी भावना के साथ प्रत्येक वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी हजारों श्रद्धालु आयोजन में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेंगे तथा महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। संघ की ओर से शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है। आयोजन की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। प्रेस वार्ता में बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, मंजीत, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।