जेपीएससी और जेएसएससी आंदोलन: सरकार-छात्र वार्ता बेनतीजा, आंदोलन रहेगा जारी
स्टेट गेस्ट हाउस में चार मंत्रियों और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई अहम बैठक, सरकार ने मांगों पर विचार का दिया भरोसा; छात्र बोले—फिलहाल आंदोलन जारी रहेगा।
रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर 14 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को राज्य सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच स्टेट गेस्ट हाउस में महत्वपूर्ण वार्ता हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में छात्रों ने अपनी मांगें सरकार के समक्ष विस्तार से रखीं, जबकि सरकार की ओर से उन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया गया। हालांकि किसी ठोस निर्णय की घोषणा नहीं होने के कारण छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
शुक्रवार शाम एसडीएम की मौजूदगी में तीन वाहनों से 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल को स्टेट गेस्ट हाउस लाया गया। शाम 7:23 बजे सरकार की ओर से चार मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल बैठक स्थल पहुंचा, जबकि शाम 7:45 बजे छात्र प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए अंदर गया। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और समाधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक समाप्त होने के बाद सरकार की ओर से मंत्री ने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना गया है और उन पर विचार किया जा रहा है। वहीं छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार के साथ सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई और सभी मांगों को विस्तार से रखा गया। मंत्रियों ने मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है, लेकिन जब तक ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वार्ता के दौरान स्टेट गेस्ट हाउस के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडलों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। अब छात्रों और सरकार दोनों की नजर आगामी निर्णय पर टिकी है, जिससे इस आंदोलन की दिशा तय होगी।