ताज़ा-ख़बर

लकठाही में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, दो घंटे रोका ट्रैक्टर

रिपोर्ट: Amit Sahay2 घंटे पहलेझारखण्ड

एनजीटी के आदेश के बावजूद धड़ल्ले से बालू उठाव का आरोप, प्रशासन की निष्क्रियता पर जताई नाराजगी

लकठाही में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, दो घंटे रोका ट्रैक्टर

गिरिडीह। जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर दिखा। शुक्रवार सुबह बेंगाबाद प्रखंड की मोतीलेदा पंचायत के लकठाही गांव में ग्रामीणों ने बालू लदे एक ट्रैक्टर को करीब दो घंटे तक रोककर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अवैध बालू उठाव पर तत्काल रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि बेंगाबाद, पचंबा, बनखंजो और महेशमुंडा क्षेत्र से ट्रैक्टरों के जरिए मोतीलेदा-लकठाही इलाके से रोजाना अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। एनजीटी के आदेश के बावजूद बड़े पैमाने पर बालू के अवैध खनन और परिवहन का कारोबार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि गिरिडीह जिले की विभिन्न बालू घाटों से अवैध रूप से बालू उठाव का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने प्रशासन से अवैध कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। ** लगातार जारी है छापेमारी : सीओ**

मामले में बेंगाबाद के अंचल अधिकारी सफी आलम ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जहां से भी सूचना मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि आगे भी अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध बालू कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित गश्त, निगरानी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.