हनुमान जयंती पर पाकुड़ में निकली भव्य शोभायात्रा, रहा भक्तिमय माहौल
शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड श्री रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया।

By Ajay Kumar पाकुड़। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शहर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बिरसा चौक स्थित पवन पुत्र हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य सड़क, अंबेडकर चौक, हिरण चौक और गांधी चौक होते हुए तातीपारा मार्ग से पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में गूंजते जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड श्री रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। मंदिर समिति के सदस्य पंकज शाह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन के तहत बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन तथा संध्या में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।
वहीं, रेलवे स्टेशन स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न प्रखंडों के हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
हनुमान जयंती को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। लोग फल एवं प्रसाद सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। शहर के दूधनाथ मंदिर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति द्वारा अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। शिव शीतला मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।