ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव घाटी में सड़क पर पड़े पत्थर से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

कोयला लदे बाइक चालकों की लापरवाही बनी हादसे की वजह, राहगीरों की मदद से युवक अस्पताल पहुंचा

बड़कागांव घाटी में सड़क पर पड़े पत्थर से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

बड़कागांव : घाटी में बुधवार को सड़क पर पड़े पत्थर से बाइक टकराने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सिमरिया निवासी राहुल कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से युवक को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार राहुल कुमार अपने ससुराल सांढ़, बड़कागांव से बाइक द्वारा हजारीबाग जा रहा था। इसी दौरान घाटी क्षेत्र में सड़क पर पड़े बड़े पत्थर से उसकी बाइक टकरा गई जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में युवक के दाहिने हाथ की कोहनी में गहरी चोट लगी है जबकि छाती में भी गंभीर आंतरिक चोट आने के कारण उसे सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बड़कागांव घाटी में कोयला लदे बाइक चालकों की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कोयले की बोरी लादकर हजारीबाग ले जाने वाले कई बाइक चालक घाटी चढ़ने में असमर्थ होने पर सड़क किनारे बड़े-बड़े पत्थरों के सहारे अपनी बाइक खड़ी कर देते हैं। बाद में जाते समय वे उन पत्थरों को सड़क पर ही छोड़ देते हैं जिससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। घटना के समय कड़ी धूप में घायल अवस्था में सड़क पर तड़प रहे युवक को देखकर सलगांव निवासी राहुल कुमार पासवान और प्रेम कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए उसकी मदद की। दोनों ने घायल युवक के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी और अपने मोटरसाइकिल से उसे अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटी क्षेत्र में कोयला लदे ओवरलोड बाइक संचालन पर रोक लगाई जाए तथा सड़क सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.