ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर पार्षद नीतू शर्मा ने नगर विकास मंत्री से की मुलाकात

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

सड़क, नाली, पानी और छठ घाट निर्माण की उठाई मांग, निगम में फंड की कमी का भी रखा मुद्दा

आदित्यपुर वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर पार्षद नीतू शर्मा ने नगर विकास मंत्री से की मुलाकात

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में लंबित विकास योजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठाई। पार्षद नीतू शर्मा ने मंत्री को सौंपे आवेदन में बताया कि वार्ड 17 के हरिओम नगर 5/B से मंटुन राय के घर तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित है जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जयप्रकाश उद्यान स्थित गणेश लक्ष्य अपार्टमेंट में सुलिस गेट निर्माण, छठ घाट निर्माण एवं अन्य रुकी हुई योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पारित कराने का आग्रह किया गया। उन्होंने नगर निगम में फंड की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। पार्षद ने वार्ड में पेयजल संकट की समस्या से भी मंत्री को अवगत कराया और कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। नीतू शर्मा ने जिंदल कंपनी द्वारा संचालित जल नल योजना को जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे वार्डवासियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने वार्ड की अन्य छोटी-बड़ी समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। पार्षद ने कहा कि वार्ड की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.