हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या आदित्यपुर से निकलेगी भव्य शोभा यात्रा, डॉ. जे. एन. दास ने की सहभागिता की अपील
जागृति मैदान से गम्हारिया तक निकलेगा जुलूस, लोगों को दिया गया आमंत्रण

आदित्यपुर : विश्व हिंदू परिषद के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष सह हिंदू नववर्ष यात्रा समिति के संरक्षक डॉ. जे. एन. दास द्वारा हिंदू नववर्ष के अवसर पर आयोजित भव्य शोभा यात्रा को लेकर आमंत्रण जारी किया गया है। जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार यह भव्य शोभा यात्रा 18 मार्च 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ आदित्यपुर-2 स्थित जागृति मैदान (आरआईटी थाना के समीप) से होगा और यह गम्हारिया तक जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभा यात्रा के दौरान धार्मिक झांकियां, ध्वज और पारंपरिक वाद्य यंत्र आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉ. जे. एन. दास ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। समिति की ओर से बताया गया कि आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के मद्देनजर प्रशासन से भी समन्वय स्थापित किया गया है। निवेदक के रूप में हिंदू नववर्ष यात्रा समिति ने क्षेत्रवासियों से इस शुभ अवसर पर शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।