एनआईटी जमशेदपुर में एआईईआई-2026 अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन, एआई नवाचारों पर होगा वैश्विक मंथन
88 देशों के प्रतिभागियों की दिलचस्पी, आईईईई सहयोग से 26 से 28 मार्च तक होगा आयोजन

आदित्यपुर : एनआईटी, जमशेदपुर के विद्युत अभियंत्रण विभाग द्वारा 26 से 28 मार्च 2026 तक इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एआई इंजीनियरिंग एंड इनोवेशन (एआईईआई-2026) का आयोजन किया जाएगा। इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इंजीनियरिंग नवाचारों पर चर्चा करना है। सम्मेलन को यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ डकोटा के एआई रिसर्च के साथ संयुक्त रूप से तथा आईईईई, आईईईई सिस्टम्स काउंसिल और आईईईई कोलकाता सेक्शन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य व्याख्यान, तकनीकी सत्र, ट्यूटोरियल और पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी। चयनित शोध पत्र आईईईई एक्सप्लोर में प्रकाशित किए जाएंगे। यह सम्मेलन अपने जनरल चेयर्स डॉ. वी. पी. मीना (एनआईटी जमशेदपुर, भारत) एवं प्रो. के.सी. संतोष (यूएसडी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च, यूएसए) के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन की वेबसाइट पर 88 देशों के प्रतिभागियों की भागीदारी इसकी अंतर्राष्ट्रीय लोकप्रियता को दर्शाती है। यह आयोजन एआई आधारित वैश्विक सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।