ताज़ा-ख़बर

NH-23 पर ट्रक और इनोवा में जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

चोपादारू में सड़क दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी, ग्रामीणों की मदद से संभली स्थिति

NH-23 पर ट्रक और इनोवा में जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

रामगढ़ : जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र स्थित चोपादारू NH-23 पर रविवार को एक ट्रक और इनोवा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। टक्कर के कारण इनोवा कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जबकि ट्रक भी सड़क किनारे रुक गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और कार सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। दुर्घटना के कारण NH-23 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई जिसे बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-23 पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, गति नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

रामगढ़ से दिलीप करमाली की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.