खाखरा गांव में विशाल इमली के पेड़ में लगी भीषण आग, ग्रामीणों में दहशत
बिजली तार और घरों पर मंडराया खतरा, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

गोला : रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत चोकाद पंचायत के खाखरा गांव में स्थित एक विशाल इमली के पेड़ में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पेड़ के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया जिससे आसपास के घरों और बिजली तारों पर भी खतरा मंडराने लगा। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार आग पेड़ के ऊपरी हिस्से से शुरू हुई और धीरे-धीरे तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास के मकानों और बिजली व्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही प्रशासन और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि आग की चपेट में आने की आशंका वाले स्थानों में राधेश्याम प्रसाद का घर, कृषि भवन तथा भुनेश्वर प्रसाद का घर शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र अग्निशमन दल भेजने और संभावित खतरे को टालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आग तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैलती है तो बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।