ताज़ा-ख़बर

बालू तस्कर ने खनन निरीक्षक पर ट्रैक्टर से किया जानलेवा हमला, अधिकारी बाल-बाल बचे

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary36 दिन पहलेझारखण्ड

सरकारी वाहन को भी मारा टक्कर, वाहन क्षतिग्रस्त

बालू तस्कर ने खनन निरीक्षक पर ट्रैक्टर से किया जानलेवा हमला, अधिकारी बाल-बाल बचे

छतरपुर थाना में वाहन मालिक के खिलाफ हुई प्राथमिकी दर्ज

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले में बालू तस्करों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। खनन विभाग बालू की अवैध ढुलाई पर रोक लगाने का प्रयास करता है तो बालू तस्कर इसे विफल करने के लिए जानलेवा हमला भी कर रहे हैं। इसी तरह का वाकया छतरपुर थाने में सोमवार की सुबह घटी है।

पलामू जिला खनन विभाग के खान निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल अवैध बालू परिवहन को रोकने के लिए सोमवार निरीक्षण करने पहुंचा था। सुबह के 4 से 5 बजे के बीच खान निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद गुप्ता छतरपुर थाना क्षेत्र के रूद क्षेत्र में भ्रमण पर थे।

इसी क्रम में उन्हें एक बालू लदा ट्रैक्टर आता दिखा। उन्होंने सरकारी वाहन से उतारकर उसे रोकने का इशारा किया। लेकिन ट्रैक्टर चालक उनकी ओर स्टेरिंग काटते हुए कुचलने का प्रयास किया। इस तरह खान निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। गाड़ी को पुनः मोड़कर बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा किया गया। लगभग 10 किलोमीटर तक गाड़ी का पीछा किया गया।

बारा नहर के पास जगह मिलने पर ओवरटेक करके ट्रैक्टर को रोका गया। इस बीच ट्रैक्टर चालक ने सरकारी वाहन में जोर से धक्का मार दिया। इससे खान निरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मी व चालक को हल्की चोट आई है। सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बीच चालक जोर-जोर से हल्ला कर भीड़ जुटाने लगा। इस बीच 40- 50 की संख्या में लोग वहां पहुंच गए।

स्थिति को भांपते हुए खान निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने उन सभी के सामने छतरपुर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। इसी बीच मौका पाकर चालक बालू लदा ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

खान निरीक्षक ने छतरपुर थाना पहुंच कर छतरपुर थाना क्षेत्र के विरुद्ध गांव के उदेश चंद्रवंशी के पुत्र पवन चंद्रवंशी पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करा दी है। इधर पुलिस ट्रैक्टर व ट्रैक्टर मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.