सीवान गोलीकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, मारा गया 25 हजार का इनामी सोनू यादव
हर्ष हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस की जवाबी फायरिंग में शूटर का अंत

सीवान, बिहार : सीवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के समीप 29 अप्रैल 2026 को हुए चर्चित गोलीकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी के पास पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी सोनू कुमार यादव ढेर हो गया। मृतक सोनू यादव, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव का पुत्र था और उसे इस गोलीकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा था। आरोप है कि उसी ने हर्ष कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि भाजपा नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बड़हरिया की ओर जा रहा है। इसके बाद एसपी पूरण कुमार झा के निर्देश पर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है जो फिलहाल पीएमसीएच पटना में इलाजरत है। वहीं सुनील यादव को घटना में इस्तेमाल वाहन के साथ पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गई है। हालांकि मामले को लेकर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है जिससे कई सवाल भी उठ रहे हैं।