ताज़ा-ख़बर

दिल्ली के विवेक विहार में चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेदेश

तड़के 3:48 बजे मची अफरा-तफरी, एसी विस्फोट और शॉर्ट सर्किट की आशंका पर जांच तेज

दिल्ली के विवेक विहार में चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में दो लोग मामूली रूप से झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना को पीसीआर कॉल के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत दल तुरंत विवेक विहार फेज-1 स्थित मकान नंबर बी-13 पहुंचे। मौके पर दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से ऊंची लपटें उठ रही थीं जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग पर काबू पाने के लिए 12 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। दमकल विभाग के प्रवक्ता ए.के. मलिक ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या नौ हो गई है। पहली मंजिल से एक शव, दूसरी मंजिल से पांच शव तथा सीढ़ियों के ऊपर बनी बंद मुमटी से तीन शव बरामद किए गए। आशंका है कि कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए मुमटी तक पहुंचे लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण बाहर नहीं निकल सके। प्राथमिक जांच में एसी विस्फोट और शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आग इमारत के छह फ्लैटों में रखे घरेलू सामान तक फैल गई थी, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही भवन की सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी इंतजाम और निर्माण मानकों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.