ग्रामीण की सतर्कता से बची हिरण के शावक की जान, कुत्तों के हमले से किया सुरक्षित रेस्क्यू
उपेंद्र ठाकुर की बहादुरी को सलाम, वन विभाग ने की सराहना व प्रोत्साहन की घोषणा

बरवाडीह, लातेहार : जिले के छिपादोहर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सराहनीय घटना सामने आई जहां एक जागरूक ग्रामीण की तत्परता से हिरण के शावक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार जंगल से भटककर एक मासूम शावक रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला करने की कोशिश की जिससे उसकी जान पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे ग्रामीण उपेंद्र ठाकुर की नजर इस घटना पर पड़ी। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए कुत्तों को भगाया और शावक को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद उन्होंने शावक को सुरक्षित वन विभाग के छिपादोहर वन कार्यालय पहुंचाया। वन विभाग के अधिकारियों ने शावक की जांच कर उसे सुरक्षित बताया और जल्द ही जंगल में छोड़ने की बात कही। इस मानवीय पहल के लिए उपेंद्र ठाकुर की क्षेत्र में सराहना हो रही है।