युवक ने डायन होने के शक में वृद्धा की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम में होली के दिन दिनदहाड़े हुई वारदात, हत्या में प्रयुक्त हथियार और आरोपी की बाइक बरामद

पोटका (पूर्वी सिंहभूम): पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के कालिकापुर में होली के दिन हुई वृद्ध महिला की निर्मम हत्या का खुलासा मंगलवार को पुलिस ने किया। पुलिस ने आरोपी राजू पुराण (25) को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कटारी, घटना के समय पहने गए कपड़े और बाइक जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 मार्च को बोहड़ागुटु गांव निवासी 62 वर्षीय सुभाषिनी नायक के साथ हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपी राजू पुराण ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया और मजदूरी के लिए गुजरात जाता था। उसके घर में उसकी मां और बड़ा भाई रहते हैं। आरोपी ने दावा किया कि उसकी मां लंबे समय से बीमार हैं और दवाओं के बावजूद ठीक नहीं हो रही थी। इसी दौरान उसे भ्रम होने लगा कि सुभाषिनी नायक डायन है और उसके परिवार को परेशान कर रही है।
राजू ने बताया कि उसे अक्सर सपनों में सुभाषिनी नायक दिखाई देती थीं और वह उसे परिवार को चैन से नहीं रहने देती थीं। इसी मानसिक भ्रम में उसने महिला की हत्या की योजना बनाई। घटना के दिन उसने कालिकापुर हाट से महिला का पीछा किया और हाड़पागुटु के पास सुनसान इलाके में उसे धक्का देकर गिरा दिया और कटारी से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कटारी, घटना के समय पहने गए कपड़े और बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।