आईसीएसई-आईएससी बोर्ड 2026 के नतीजे घोषित, 99% से अधिक छात्रों ने परीक्षा पास की
लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया; 10वीं में 99.18% और 12वीं में 99.13% छात्र उत्तीर्ण

नई दिल्ली: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने गुरुवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी किए। इस साल दोनों कक्षाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99% से अधिक रहा।
आईसीएसई (10वीं) में कुल 99.18% छात्र पास हुए, जिसमें लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 99.46% और लड़कों का 98.93% रहा। वहीं, आईएससी (12वीं) में कुल 99.13% छात्र उत्तीर्ण हुए, जिसमें लड़कियों ने 99.48% और लड़कों ने 98.81% सफलता दर दर्ज की।
इस वर्ष दोनों परीक्षाओं में कुल 4 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। आईसीएसई परीक्षा 17 फरवरी से 30 मार्च तक और आईएससी परीक्षा 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक आयोजित की गई।
छात्र अपना परिणाम सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट, डिजिलॉकर, एसएमएस और उमंग ऐप के जरिए देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को यूनिक यूआईडी, इंडेक्स नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। परिणाम देखने के बाद स्कोरकार्ड डाउनलोड करना भी संभव है।