ताज़ा-ख़बर

हजारीबाग हमले के विरोध में बरवाडीह के पत्रकारों ने बांधा काला बिल्ला, जताया आक्रोश

रिपोर्ट: अकरम 1 घंटे पहलेझारखण्ड

पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र पर हमला, दोषियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की उठी मांग

हजारीबाग हमले के विरोध में बरवाडीह के पत्रकारों ने बांधा काला बिल्ला, जताया आक्रोश

बरवाडीह, लातेहार : हजारीबाग में पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में बरवाडीह के पत्रकारों ने एकजुट होकर काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और सच को सामने लाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उन पर हमला न केवल प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रहार है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश भी है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता प्रभावित होगी जिसका असर पूरे समाज पर पड़ेगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि हजारीबाग की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पत्रकारों ने यह भी कहा कि लगातार बढ़ते हमले मीडिया जगत के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो यह प्रवृत्ति और खतरनाक रूप ले सकती है। इस विरोध कार्यक्रम में पत्रकार संजय कुमार, शशि शेखर, रवि कुमार गुप्ता, दीपक राज, प्रमोद ठाकुर, तस्लीम खान एवं अकरम अंसारी सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.