ताज़ा-ख़बर

भीषण गर्मी में राहत की सौगात, “ठंडक 3.0” के तहत शहरभर में लगाए गए मटके

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

राहगीरों, ठेला विक्रेताओं और ट्रैफिक पुलिस को मिल रहा शीतल जल, रोटरैक्ट क्लब की पहल सराहनीय

भीषण गर्मी में राहत की सौगात, “ठंडक 3.0” के तहत शहरभर में लगाए गए मटके

जमशेदपुर : चिलचिलाती धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने सराहनीय पहल की है। गुरुवार को “प्रोजेक्ट: ठंडक 3.0 - मटका स्थापना अभियान” के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में नि:शुल्क पेयजल की व्यवस्था की गई जिससे राहगीरों को गर्मी से राहत मिल रही है। इस अभियान के अंतर्गत जमशेदपुर के साकची, सिदगोड़ा और एग्रिको क्षेत्रों में कुल 12 मटकों की स्थापना की गई। इन स्थानों का चयन इस प्रकार किया गया कि दैनिक यात्री, फुटपाथ दुकानदार, सड़क विक्रेता, ट्रैफिक पुलिसकर्मी तथा स्थानीय निवासी अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान लोगों को स्वच्छ, ठंडा और नि:शुल्क पेयजल उपलब्ध कराना है ताकि वे शरीर को हाइड्रेटेड रख सकें और लू जैसी खतरनाक बीमारियों से बचाव हो सके। साथ ही लोगों को गर्मी में स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। रोटरैक्ट क्लब के स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा के साथ मटकों की स्थापना की और उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी संभाली। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी के मटकों का उपयोग कर एक सकारात्मक संदेश भी दिया गया। ठंडक 3.0 अभियान के माध्यम से रोटरैक्ट क्लब ने एक बार फिर यह साबित किया है कि समाज सेवा और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता मजबूत है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने वाला मानवीय प्रयास बताया।

इन्हें भी पढ़ें.