अंडा चाउमीन में अंडा कम होने की शिकायत पर युवक से मारपीट, होटल संचालक पर लगा थप्पड़ मारने का आरोप
डीवीसी चौक स्थित होटल में विवाद के बाद मामला पहुंचा थाना, कार्रवाई की मांग

रामगढ़ : गोला थाना क्षेत्र के महलीडीह निवासी सियाराम महतो ने एक होटल संचालक पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए गोला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना शनिवार दोपहर डीवीसी चौक स्थित रुचिका होटल की बताई जा रही है। दिए गए आवेदन में सियाराम महतो ने बताया कि वह होटल में अंडा चाउमीन खाने पहुंचे थे। जब उन्हें चाउमीन परोसा गया तो उन्होंने केवल इतना कहा कि उसमें अंडा अपेक्षाकृत कम है। आरोप है कि इस टिप्पणी से होटल संचालक मनिस राम दांगी नाराज हो गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद बढ़ने पर होटल संचालक ने सार्वजनिक रूप से उनके साथ मारपीट की और पांच से छह थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय होटल में कई लोग मौजूद थे जिसके कारण उन्हें सामाजिक रूप से अपमानित होना पड़ा। पीड़ित का कहना है कि इस घटना से उनके मान-सम्मान को गहरी ठेस पहुंची है। सियाराम महतो ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान होटल संचालक ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उसका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकते। इसके बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।