एलआईसी ऑफिस जाने निकला युवक रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों में मचा हड़कंप
गोला के महेंद्र शर्मा का नहीं मिला सुराग, पत्नी ने थाना में दर्ज कराई गुमशुदगी की सूचना

गोला : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र से एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने गोला थाना में सूचना देकर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत जांगी निवासी पार्वती देवी ने अपने पति महेन्द्र कुमार शर्मा (49 वर्ष) के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि महेन्द्र कुमार शर्मा 22 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे अपनी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या जेएच24डी-4776 से एलआईसी ऑफिस, गोला शाखा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों एवं आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। कई संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। लगातार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद उनसे बातचीत नहीं हो पाई, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। लापता युवक की पत्नी पार्वती देवी ने बताया कि परिवार पूरी तरह परेशान है और हर संभव जगह तलाश की जा रही है। उन्होंने आम लोगों एवं प्रशासन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को महेन्द्र कुमार शर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत गोला थाना या परिवार को सूचित करें। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ संभावित मार्गों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने भी युवक के जल्द सकुशल मिलने की कामना की है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर लापता युवक का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।