ताज़ा-ख़बर

अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों पर कार्रवाई, आदित्यपुर पुलिस पर भेदभाव का आरोप

रिपोर्ट: MANISH 15 घंटे पहलेझारखण्ड

बुजुर्ग महिलाओं का काटा चालान, पक्के दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं, स्थानीय लोगों में आक्रोश

अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों पर कार्रवाई, आदित्यपुर पुलिस पर भेदभाव का आरोप

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। शेरे पंजाब चौक से लेकर आदित्यपुर थाना जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या को लेकर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सड़क किनारे दुकान लगाने वालों पर चालान काटना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा 8 मार्च 2026 को पुलिस एक्ट 1861 की धारा 34 के तहत कुछ लोगों पर चालान भी किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई में समानता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि कई पक्के दुकानदार अपनी दुकानों के सामने सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करते हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे तिरपाल लगाकर थोड़ी-बहुत सब्जियां बेचने वाली बुजुर्ग और गरीब महिलाओं का चालान काटा जा रहा है। इसको लेकर इलाके में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये महिलाएं अपने परिवार का गुजारा चलाने के लिए छोटी-मोटी सब्जी बेचती हैं। लोगों का यह भी कहना है कि बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन भी नियमित नहीं मिलती। ऐसे में यदि इन महिलाओं से भी चालान काटा जाएगा तो उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पहले बड़े दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया जाए और उसके बाद ही गरीब और छोटे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित हो सके।

इन्हें भी पढ़ें.