आदित्यपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्वतंत्रता दिवस पर फायरिंग और कंपनी में चोरी दो मामलों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस की रात फायरिंग कांड में मुख्य आरोपी आकाश सिंह सरदार गोली बंदूक के साथ गिरफ्तार, गम्हरिया में 2 लाख के लोहे के छड़ चोरी मामले में चार गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस की रात हुई फायरिंग और गम्हरिया में हुए बड़े चोरी कांड का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पहले मामले में आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती रोड नंबर-जी में शम्भू महतो पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने विशेष छापामारी दल गठित कर कार्रवाई की। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य के आधार पर मुख्य आरोपी आकाश सिंह सरदार (उम्र 27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई। आरोपी का पूर्व में भी हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है। वहीं दूसरे मामले में 12 अगस्त की रात शांति सीमेंट फेज-6, गम्हरिया से लगभग 2 लाख रुपए मूल्य का 16 मिमी लोहे का छड़ चोरी कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। छापामारी कर बादल गोप, अन्नतो प्रधान, राजु दास और विकास सिंह को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 500 किलो लोहे की छड़ बरामद हुई। सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी में अपनी संलिप्तता कबूल की। पुलिस ने चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में आदित्यपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन को राहत मिली है।