महिलाओं के हाथों में आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कमान, महिला दिवस पर डीआरएम ने की सराहना
रेलवे के हर विभाग में महिलाएं निभा रहीं अहम भूमिका: डीआरएम तरुण हुरिया

आदित्यपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदित्यपुर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इनर व्हील क्लब जमशेदपुर के तत्वावधान में किया गया जिसमें चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया मुख्य अतिथि के रूप में अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे के विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करना और उनका मनोबल बढ़ाना था। समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी दक्षता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने बताया कि मंडल में करीब 2000 महिला कर्मचारी कार्यरत हैं जो लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, टीटीई, आरपीएफ और सिग्नल मेंटेनर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का संचालन अब पूरी तरह महिलाओं के हाथों में है जो नारी सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम में एडीआरएम अजीतेंद्र त्रिपाठी और सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे। वहीं इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट एग्निस बॉयल, पूर्व अध्यक्ष मंजू सिंह और पीडीसी अलोका नंद बक्शी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर अर्चना सिंह, विद्या तिवारी, कनक सिंघल, पुष्पलता और चंचला सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मी उपस्थित थीं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया और महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।