ताज़ा-ख़बर

रायडीह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण

रिपोर्ट: VBN News Desk3 दिन पहलेझारखण्ड

कार्तिक जतरा समागम में शामिल होंगी राष्ट्रपति, डीसी-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

रायडीह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण

गुमला : जिले के रायडीह प्रखंड में आगामी 30 दिसंबर को आयोजित अंतरराष्ट्रीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह (कार्तिक जतरा) में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह उनका पहला गुमला दौरा होगा जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति रायडीह स्थित शंख मोड़ बेरियर बगीचा माझाटोली परिसर पहुंचेंगी। इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा विस्तृत योजना बनाई जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मां के नेतृत्व में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा घेरा, आगमन-प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और आपात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी की जाएंगी, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ सदर, सिविल सर्जन सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.